Friday, 30 October 2026
LUDHIANA
लुधियाना में पटाखों के गोदाम में लगी भयानक आग: एक व्यक्ति की माैत
लुधियाना : पंजाब के लुधियाना के घनी आबादी वाले क्षेत्र फील्ड गंज स्थित कूचा नंबर 10 में शुक्रवार दोपहर एक ढाई मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, इस इमारत के निचले हिस्से में रेडीमेड गारमेंट्स का शो-रूम है, जबकि ऊपरी मंजिल पर पटाखों का गोदाम बना था। आग के चलते एक युवक की माैत हो गई है ।
आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखे जोरदार धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, त्योहारों के सीजन के कारण बाजार में अत्यधिक भीड़ होने की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने और आग पर काबू पाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी ।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय इमारत के अंदर एक व्यक्ति फंस गया था, जिसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत कर्मियों द्वारा लगातार प्रयास किए गए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका । मरने वाले की पहचान साहिल सब्बरवाल के तौर पर हुई है।